नोएडा, उत्तर प्रदेश के फूड एवं हर्बल पार्क से 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार : स्वामी रामदेव

नोएडा, उत्तर प्रदेश के फूड एवं हर्बल पार्क से 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार : स्वामी रामदेव

  • फूड पार्क का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को : आचार्य बालकृष्ण
  • पूर्वांचल व बुंदेलखंड में भी यह प्रोजेक्ट लगाना संभावित
लखनऊ, नवम्बर - योगऋषि पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज व श्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी महाराज सहित अनेक गणमान्यों की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने नोएडा में बनने वाले पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क का शिलान्यास किया। नए सचिवालय 'लोकभवन’ में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में स्वामी जी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का निर्माण दिसंबर से शुरू हो जाएगा और अगले साल के अंत तक पतंजलि फूड पार्क उत्पादन शुरू कर देगा। इससे 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष, जबकि एक लाख से ज्यादा लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। यह फूड पार्क नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी क्षेत्र में बनेगा। जिसमें 1666.80 करोड़ रुपये का निवेश होगा।  पूज्य स्वामी जी ने पूर्वांचल व बुंदेलखंड में भी पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क की यूनिट लगाने की बात कही।

13

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने स्वामी रामदेव जी महाराज को फ्रांस की सबसे बड़ी 'सब्जी मंडी, फूल और फल मंडी’ की तरह वहां मंडी विकसित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा, स्वामी जी अपने अधिकारियों को फ्रांस भेजें, वहां की मंडी का वे विश्लेषण करायें और नोएडा में वैसी ही मंडी स्थापित करने के लिए कदम बढ़ायें, इसमें प्रदेश सरकार पूरा सहयोग करेगी। क्योंकि इससे किसानों को बहुत फायदा होगा। उन्होंने पतंजलि को दुग्ध क्षेत्र में निवेश का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री महोदय ने कहा आज सब्जी व दुग्ध क्षेत्र में निवेश की बहुत सख्त जरूरत है। क्योंकि हम स्कूली बच्चों को फल व दूध दे रहे हैं। इससे अप्रत्यक्ष रूप से किसानों की ही मदद हो रही है। पतंजलि हर्बल फूड पार्क से किसानों को और भी अधिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी ने कहा बाबा रामदेव के उत्पाद अपनी क्वालिटी के लिए जाने जाते हैं। हमने सबसे तेज एक्सप्रेस-वे बनाया। इसके किनारे मंडियां बना रहे हैं, जिसका फायदा किसान पाएंगे।
इस अवसर पर पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क के नए प्रोजेक्ट के संबंध में प्रदेश सरकार और पतंजलि की ओर से एमओयू पर हस्ताक्षर भी हुए। सरकार की ओर से यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी के चेयरमैन संजय अग्रवाल व पतंजलि की ओर से राकेश कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।
उत्तर प्रदेश के पतंजलि हर्बल फूड पार्क की विशेषतायें:
  • 455 एकड़ भूमि में कृषि आधारित उत्पाद, खाद्य उत्पाद, हर्बल उत्पाद, पशु आहार, दुग्ध उत्पाद एवं औषधीय उत्पाद की इकाईयाँ तथा रिसर्च एण्ड डेवलपमेन्ट सेन्टर की स्थापना।
  • यमुना प्राधिकरण क्षेत्र गौतमबुद्ध नगर में इस प्रोजेक्ट हेतु लगभग 1666.80 करोड़ का निवेश किया जायेगा।
  • परियोजना से लगभग 10,000 (दस हजार) व्यक्ति यों को प्रत्यक्ष रोज़गार एवं लगभग 80,000 (अस्सी हजार) परिवारों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
  • परियोजना में लगभग 400 टन फल एवं सब्जियों का प्रतिदिन प्रसंस्करण किया जायेगा।
  • परियोजना में जैविक गेहूँ से प्रतिदिन 750 टन आटे का उत्पादन किया जायेगा।
  • फूड पार्क से प्रदेश में ऊसर एवं कम उपजाऊ जमीनों में ज्वार, बाजरा एवं मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा जो किसानों के सकल आय वृद्धि में सहायक होगा।
  • फूड पार्क की स्थापना से युवाओं का कौशल विकास होगा, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, आधुनिक तकनीक से स्थानीय लोगों का परिचय बढ़ेगा तथा पब्लिक प्राईवेट पार्टनरशिप से अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क परियोजना के अनुसार स्थानीय किसानों को बाजार की मुख्य धारा से जोडऩा भी पतंजलि का प्रमुख उद्देश्य है।

Related Posts