पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट उद्घाटन समारोह

पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट के इनोवेशन से मिलेगी देश को ताकत-मोदी

पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट उद्घाटन समारोह

हर्बल से अपार सम्भावना, मगर छोड़नी होगी उदासीनता 
इनोवेशन-रिसर्च से ही बड़ा मुकाम  हासिल करेगा देश: मोदी
हरिद्वार - पतंजलि योगपीठ का प्रारम्भ से ही इनोवेशन पर जोर था। जिसे देश के हर वर्ग ने बारीकी से अनुभव किया है। तभी इस उद्घाटन अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी कहा कि बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण ने हरिद्वार से योग और आयुर्वेद की गंगा बहाई तो सम्पूर्ण विश्व अपने जीवन, आहार-विहार व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो उठा। लोगों में जीवन उत्थान के तरीकों की ललक पैदा हुई और करोड़ों लोग भारत के गौरवमयी ज्ञान-विज्ञान की ओर मुड़ पड़े। पूरी दुनिया में योग, आयुर्वेद के प्रचार के लिए हम इन दोनों के प्रयासों की सराहना करते हैं।
योग और आयुर्वेद के क्षेत्र में पतंजलि योगपीठ की भूमिका को स्पष्ट करते हुए पीएम ने कहा कि पतंजलि के प्रयास से विश्व में हर्बल का बहुत बड़ा मार्केट खड़ा हुआ है, मगर इसमें आगे बढ़ने के लिए हमें उदासीनता छोड़नी होगी।
प्रधानमंत्री जी ने समग्र विकास के लिए लगातार इनोवेशन और रिसर्च पर जोर देते हुए कहा कि हमारे पुरखों ने इनोवेशन और रिसर्च को जब तक जारी रखा, हमारा भारत विश्वस्तर पर श्रेष्ठ बना रहा। हमने जब इसके प्रति उदासीनता दिखाई, तो पिछड़ गए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से हमारे युवाओं के हाथ में जब माउस आया, तो उसने पुन: दुनिया को अपनी ताकत दिखाई और दुनियां भारत के प्रति आकर्षित हुई। पर भारत के प्राचीन गौरव को पुन: प्रतिष्ठित करने के लिए समग्रता से रिसर्चपरक प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा इस दिशा में पतंजलि के प्रयास से दुनियां के बीच देश को नई ताकत मिलेगी।
उन्होंने योग की महत्ता बताते हुए कहा कि योग के प्रति विश्व का आकर्षण साफ दिखाई दे रहा है, क्योंकि स्वामी रामदेव ने योग को आंदोलन बनाया है।

  योग दिवस पर अहमदाबाद में जुटेंगे पांच लाख योगाभ्यासी

योगऋषि पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज ने बताया कि इस वर्ष का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह पतंजलि अहमदाबाद में आयोजित करेगी। उन्होंने जानकारी दी कि 21 जून को विश्व योग दिवस पर पांच लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा कि योगदीक्षा के बाद इस वर्ष पतंजलि योगपीठ देश के हर गांव में साल के 365 दिन योग शिविर चलाएगा। साथ ही  कहा कि देश के हर जिले में आचार्यकुलम् स्थापित हो, यह पतंजलि का आगामी पुरुषार्थ रहेगा।
 
 

Related Posts