पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट उद्घाटन समारोह

स्वामी जी, आचार्यश्री सहित पतंजलि के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दिलाया सफाई का संकल्प

पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट उद्घाटन समारोह

हरिद्वार - पतंजलि योगपीठ में रिसर्च इंस्टीट्यूट के उद्घाटन अवसर पर पतंजलि के योग, आयुर्वेद, स्वास्थ्य व स्वदेशी आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों से अपील की कि वह गंदगी न करने का संकल्प लें। पीएम ने कहा गंदगी नहीं होगी तो ज्यादातर बीमारियां अपने आप ही कम हो जाएंगी।
मंच पर पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज व श्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी सहित पतंजलि के हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में प्रधानमंत्री ने कहा कि बढ़ती बीमारियां चिंता का विषय हैं। लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक हों। देशवासियों के लिए सरकार हेल्थ पॉलिसी लाई है, लेकिन ज्यादातर बीमारियों का कारण गंदगी है। इन बीमारियों से बचने के लिए सभी सवा सौ करोड़ देशवासियों को संकल्प लेना चाहिए कि वह गंदगी नहीं फैलाएंगे। पीएम ने कहा कि गंदगी न फैलाने के लिए यदि हम खुद अपनी आदतों में इसे शुमार करें, तो गंदगी की समस्या खुद ही दूर हो जाएगी। हर आदमी यह संकल्प लेकर एक डॉक्टर जैसा उसी के बराबर जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने जीवन दान के लिए स्वच्छता को दान से भी ज्यादा मूल्यवान बताया।

 मोदी व स्वामी जी देश भर से पधारे हजारों लोगों के बने प्रेरक

 हजारों लोग देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज का संदेश सुनकर गदगद हुए, वहीं श्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी के अभिनन्दन संदेश ने उन्हें प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोगों ने शिरकत की थी। उस दौरान जब समाचार पत्रों के संवाददाताओं ने लोगों से मुलाकात की तो उन्होंने कुछ इस तरह अपनी भावनायें बयां कीं।
दीपा, गुड़गाँव ने कहा...
हम बाबा रामदेव के दर्शन करने हरिद्वार पहुंचे थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का हमें हरिद्वार पहुंचकर ही पता चला। आज हमें एक साथ दो महान विभूतियों के दर्शन करने को मिल गए, यह जीवन का सौभाग्य है।
प्रमोद कुमार, उत्तर प्रदेश ने कहा...
मैं 30 अप्रैल को हरिद्वार पहुंच गया था। अनुसंधान केन्द्र के शुभारम्भ को लेकर मैं तीन दिन से यहीं था और बाबा रामदेव, नरेंद्र मोदी को सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। निश्चित ही यह आयुर्वेद अनुसंधान केन्द्र हमारी चिकित्सा पद्धति में चार चांद लगाने वाला है।
नवनीत, सोनीपत ने कहा...
हम एक दिन पूर्व रात को ही हरिद्वार पहुंच गए थे। सुबह जल्द ही नहा धोकर सभागार में पहुंचे। देश को नई दिशा देने वाले दो महापुरुषों को एक मंच पर देखकर अच्छा लगा। प्रधानमंत्री जिस प्रकार स्वच्छता अभियान पर बोले उसको सुनकर हृदय संकल्पशील हो उठा।
विमला बेन, गुजरात ने कहा...
नरेंद्र मोदी हमारे राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे हैं, लेकिन उनको देखने का सौभाग्य मुझे आज हरिद्वार में प्राप्त हुआ। आज जिस अनुसंधान केन्द्र का शुभारम्भ नरेन्द्र मोदी जी ने किया है, उससे जल्द ही आयुर्वेद और योग के क्षेत्र में हिन्दुस्तान का डंका बजेगा।

Related Posts