सद्गुरु जग्गी वासुदेव जी का पतंजलि प्रवास
On
-
संस्कृति का संवाहक 'आचार्यकुलम्’ सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान: जग्गी वासुदेव
-
जल प्रबंधन से सुधरेगी नदियों की समस्या : आचार्य बालकृष्ण
-
सद्गुरु का नदियों के संरक्षण का प्रयास सराहनीय : स्वामी रामदेव
हरिद्वार - नदियों के संरक्षण हेतु अपनी राष्ट्रव्यापी यात्रा 'रैली फॉर रीवर्स’ पर निकले सद्गुरु जग्गी वासुदेव जी महाराज ने पतंजलि योगपीठ का भ्रमण किया। पतंजलि शिक्षण संस्थान 'आचार्यकुलम्’ की दिव्यता का अवलोकन कर सद्गुरु ने कहा कि पुरातन संस्कृति का संवाहक 'आचार्यकुलम्’ निश्चित ही सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान है जहाँ प्राचीन मान्यताओं व ऋषि परम्परा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा प्रणाली का भी समावेश किया गया है। उन्होंने आचार्यकुलम् के छात्र-छात्राओं से विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की।
इस अवसर पर सद्गुरु जग्गी वासुदेव जी महाराज ने अपने अभियान के संदर्भ में पूज्य स्वामी जी, आचार्यश्री एवं पतंजलि कार्यकर्ताओं को अवगत कराते हुए कहा कि पानी का सबसे महत्वपूर्ण स्रोत हमारी नदियाँ आज गम्भीर संकट से गुजर रही हैं। केवल एक ही पीढ़ी में देश की बारहमासी सदाबहार नदियाँ ऋतुओं के अधीन हो गई हैं। कई छोटी नदियाँ तो विलुप्त ही हो गई हैं।

उन्होंने पूज्यवर से इसका ठोस समाधान निकालने में मदद मांगते हुए कहा कि समाज और सरकार के सभी वर्गों को इस राष्ट्रीय समस्या के विषय में जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की जीवनरेखा को बचाने के लिए देश के सभी वर्गों के संगठित प्रयास तथा ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में श्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी महाराज ने देश में नदियों की समस्या की विकटता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य किया जाना चाहिए। देश में प्रतिवर्ष कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे की मार झेलनी पड़ती है। जल प्रबंधन में योजनाबद्ध तरीके से कड़े पुरुषार्थ के साथ कार्य किया जाए तो इस समस्या को समूल नष्ट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश की इस गम्भीर समस्या का भार एक संत ने अपने कंधों पर लिया है। निश्चित ही सद्गुरु जग्गी वासुदेव जी महाराज अपने सत्प्रयास में सफल होंगे।

इस अवसर पर पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज ने कहा कि नदियों का इस प्रकार विलुप्त होना तथा ऋतु के अधीन हो जाना एक बड़ी राष्ट्रीय समस्या है। योगऋषि ने सद्गुरु जग्गी वासुदेव जी के नदियों के संरक्षण के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सद्गुरु 'नदियों के लिए रैली’ जागरूकता अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों को सचेत कर रहे हैं, यदि नदियों को शीघ्र ही संरक्षित नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों का जीवन संघर्ष पूर्ण हो जाएगा।
इस अवसर पर एबीपी न्यूज चैनल के वरिष्ठ पत्रकार एवं न्यूज ऐंकर श्री दिबांग भी उपस्थित रहे।
लेखक
Related Posts
Latest News
01 Mar 2025 17:58:05
With divine inspiration, I want to draw your attention towards 11 important facts. I am sure that you will


